जामगांव आर में पुलिस की साइबर जागरूकता मुहिम, सांसद विजय बघेल ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर दिया जागरूकता का संदेश

पुलिस ने समझाए साइबर ठगी के तरीके, OTP, UPI PIN और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की दी समझाइश

जामगांव आर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा जिले में चलाया जा रहा साइबर जागृति अभियान अब पाटन अनुभाग के गांव-गांव तक पहुंच रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जामगांव आर के बाजार चौक में पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। अभियान में दुर्ग सांसद विजय बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना भी आवश्यक है। इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति कल्पना साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर एवं रवि सिन्हा, सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, उपसरपंच मुकेश साहू, खेमलाल साहू,नरेश केला, राजा पाठक, कमलेश साहू, मनीष चंद्राकर, किशोर साहू, पूर्णेंद्र सिन्हा, शैलेदरी मंडावी, अंगेश्वर साहू, केएल साहू, नारद साहू, बाबा वर्मा, लुभम बंछोर, मेघनाथ सागरवंशी, सीताराम साहू, मंजुलता अंगारे, डा. धर्मेन्द्र निर्मलकर, सुनील चंद्राकर, रामसिंह बंसोड,तामेश्वर ठाकुर सहित पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी बसंत कुमार बघेल एवं पाटन अनुभाग के थाना स्टाफ ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। पुलिस ने समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। पुलिस ने ग्रामीणों को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी बैंक अधिकारी बनकर किए जाने वाले फोन, KYC अपडेट, ऑनलाइन नौकरी, पुरस्कार अथवा अन्य प्रलोभनों के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहने की जानकारी दी। साथ ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने अथवा अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन लेन-देन करने से बचने की अपील की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन प्रलोभनों से सतर्क रहें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *