28 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों की पैदल यात्रा पूरी कर लौट रहे सौरभ देवांगन, ग्राम औरी में साहू संघ पदाधिकारियों से हुई मुलाकात

20 हजार किमी से अधिक की यात्रा में देश की संस्कृति से जुड़े सौरभ, पर्यावरण संरक्षण का दे रहे संदेश

पाटन। भारत भ्रमण के उद्देश्य से पैदल यात्रा पर निकले छत्तीसगढ़ के सौरभ देवांगन 28 राज्यों एवं 5 केंद्र शासित प्रदेशों की यात्रा पूरी करने के बाद रायपुर लौट रहे हैं। इसी दौरान ग्राम औरी में परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के अध्यक्ष किशन हिरवानी सहित समाज के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने सौरभ से उनकी लंबी यात्रा के अनुभवों के संबंध में चर्चा की तथा उनके साहस, संकल्प और पर्यावरण संरक्षण के संदेश की सराहना की। सौरभ देवांगन ने बताया कि वे 7 अक्टूबर 2021 से भारत की पैदल यात्रा पर निकले हैं। अब तक वे देश के 28 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में पैदल भ्रमण कर चुके हैं तथा इस दौरान 20 हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य केवल देश के विभिन्न हिस्सों को देखना नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ना, उनकी संस्कृति और जीवनशैली को समझना तथा समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना भी है।

बताया गया कि यात्रा के दौरान सौरभ द्वारा पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और कचरे को डस्टबिन में डालने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उनके यात्रा बैग पर भी “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” और “Save Environment” जैसे संदेश अंकित हैं, जो यात्रा के दौरान लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं। ग्राम औरी में हुई मुलाकात के दौरान परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के पदाधिकारियों ने सौरभ देवांगन को उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। पदाधिकारियों ने कहा कि उनका यह प्रयास युवाओं में साहस, अनुशासन, देश को जानने की जिज्ञासा और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने वाला है।

सौरभ देवांगन ने भी सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण और समाजहित में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। सौरभ देवांगन मूलतः ग्राम जारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के निवासी हैं। उनकी यह लंबी पैदल यात्रा देश की विविधता, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अनूठा प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *