सेवा संकल्प अभियान के तहत बटंग में महिला एवं बाल विकास विभाग का विविध आयोजन,जनपद अध्यक्ष कीर्ति ने कहा -सुपोषित बचपन और सशक्त महिलाएं ही समृद्ध समाज की पहचान

गोदभराई, खेलकूद और पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

पाटन। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बटंग के चारों आंगनबाड़ी केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मातृ स्वास्थ्य, बाल पोषण, महिला सशक्तिकरण एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने महिलाओं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में कीर्ति नायक ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन, महिलाओं का सम्मान और परिवारों में पोषण के प्रति जागरूकता किसी भी समाज की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। आंगनबाड़ी केंद्र शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण से मुक्ति के लिए केवल योजनाओं का संचालन पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवारों की सक्रिय भागीदारी, संतुलित आहार और बच्चों की नियमित देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सामूहिक गोदभराई की रस्म के माध्यम से मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य का संदेश दिया गया। कुपोषित बच्चों को पोषण आहार प्रदान किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं महिलाओं एवं बच्चों के लिए आयोजित खेलकूद गतिविधियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता की अतिथियों ने सराहना की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि धनकुमारी बर्मन एवं हेमा साहू, महिला एवं बाल विकास अधिकारी यमलेश पांडे, विभागीय सुपरवाइजर माधुरी वर्मा, ग्राम पंचायत बटंग के सरपंच गैंदु राम वर्मा, उपसरपंच महेश्वरी वर्मा, दीपा वर्मा, नंदिनी वर्मा सहित चारों आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े हितग्राही, मितानिन बहनें, महिलाएं, बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, बाल पोषण, मातृ स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *