दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती के मामले को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। गुरुवार को Indian National Congress के कार्यकर्ताओं ने भिलाई और दुर्ग में प्रदर्शन करते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव किया। भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
भिलाई में बैरिकेडिंग के सामने प्रदर्शन
Bhilai के प्रियदर्शिनी परिसर स्थित बीजेपी कार्यालय के बाहर सुबह से ही पुलिस बल तैनात था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही पुलिस ने चारों तरफ बैरिकेडिंग कर दी थी। जैसे ही कार्यकर्ता वहां पहुंचे, उन्होंने कार्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। काफी देर तक नारेबाजी और प्रदर्शन चलता रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।
मुकेश चंद्राकर ने उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान मुकेश चंद्राकर ने सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति बिना हेलमेट के सड़क पर निकलता है तो तुरंत चालान कट जाता है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती हो रही थी और पुलिस को इसकी जानकारी नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। साथ ही यह भी कहा कि इस पूरे मामले में पुलिस और इंटेलिजेंस तंत्र पूरी तरह विफल साबित हुआ है।
दुर्ग में राजीव भवन से निकाली पदयात्रा
इधर दुर्ग में भी दुर्ग शहर और दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की ओर से बीजेपी कार्यालय का घेराव किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से बीजेपी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जैसे ही कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय के पास पहुंचे, वहां पहले से भारी पुलिस बल तैनात था। यहां भी बैरिकेडिंग के कारण प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच खींचतान की स्थिति बनी, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
प्रदर्शन में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू , पूर्व विधायक अरुण वोरा दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। ताम्रध्वज साहू ने कहा कि प्रदेश में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और इसमें सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने समोदा और बलरामपुर इलाके में अफीम की खेती मिलने के मामलों की गहराई से जांच कराने की मांग की।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में अफीम की खेती के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी खेती कैसे शुरू हुई, अफीम का पौधा कहां से आया और इसे कहां खपाया गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले की जल्द निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो पार्टी आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेगी।