गरीबी का फायदा उठाकर युवती से रेप, 9वें महीने में दर्द की दवा देकर मां-बच्चे की मौत: यूट्यूब सर्च हिस्ट्री से पकड़ा गया मकान मालिक

बालोद। जिले में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में 59 वर्षीय मकान मालिक ने अपनी 22 साल की किराएदार युवती के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर दिया। आरोप है कि अपनी करतूत छिपाने के लिए उसने गर्भपात से जुड़े वीडियो यूट्यूब पर सर्च किए और नौवें महीने में लेबर पेन उठने पर युवती को दर्द की दवा खिलाकर मां और नवजात दोनों की मौत का कारण बन गया। पुलिस ने आरोपी Sunil Gharde को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का परिवार इलाके में जमीन-जायदाद वाला माना जाता है। युवती अपने परिवार के साथ पिछले करीब तीन साल से उसके किराए के मकान में रह रही थी। युवती के पिता की कोविड के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार आर्थिक तंगी में जीवन गुजार रहा था।

पैसे का लालच देकर बनाए संबंध

जांच में सामने आया कि आरोपी अक्सर युवती को पैसे का लालच देता था और धीरे-धीरे उस पर दबाव बनाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। युवती उसे दादा कहकर संबोधित करती थी, लेकिन आरोपी ने उसका विश्वास तोड़ते हुए कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। जब युवती के पीरियड रुकने पर चार महीने की गर्भावस्था का पता चला तो उसने अपनी मां को इसकी जानकारी दी। मां ने आरोपी से सवाल किया, लेकिन उसने बदनामी का डर दिखाकर मामला दबाने की कोशिश की।

यूट्यूब पर देखता रहा गर्भ गिराने के तरीके

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने यूट्यूब पर गर्भपात कराने से जुड़े कई वीडियो सर्च कर देखे थे। हालांकि कानूनी कार्रवाई के डर से वह युवती को किसी डॉक्टर के पास नहीं ले गया।

लेबर पेन में दी पेनकिलर, 15 मिनट में मौत

9 मार्च को जब युवती को नौवें महीने में प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो आरोपी मेडिकल स्टोर से बिना डॉक्टर की सलाह के दर्द की दवा लेकर आया और युवती को खिला दी। दर्द बढ़ने पर उसने दो और गोलियां दे दीं। कुछ ही देर में नवजात आधा बाहर आ गया और करीब 15 मिनट के भीतर युवती की तड़पकर मौत हो गई। नवजात शिशु भी नहीं बच सका।

अंतिम संस्कार से पहले हुआ खुलासा

घटना के बाद आरोपी ने परिवार को चुप रहने के लिए कहा और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगा। इसी बीच युवती के रिश्तेदार घर पहुंचे और उसका फूला हुआ पेट देखकर शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि युवती के गर्भ में करीब तीन किलो का नवजात था, जो बाहर निकलते समय फंसा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया।

मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से खुला राज

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन युवती के मोबाइल की कॉल डिटेल में किसी अन्य व्यक्ति से संबंध का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जांचा, जिसमें गर्भ गिराने से जुड़े सैकड़ों वीडियो सर्च किए गए थे। डीएनए जांच की बात सामने आने पर आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

कई धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ Bharatiya Nyaya Sanhita की धारा 90, 91, 105, 238, 351(3) और 64(2)(m) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *