नवागांव–सुरपा भूमिपूजन पर सियासत तेज: ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ने भाजपा पर साधा निशाना, “विकास को विवाद का मंच न बनाएं”


जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र अंतर्गत नवागांव (बी) एवं सुरपा में 28 फरवरी को प्रस्तावित विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों की बयानबाज़ी पर कड़ा एतराज जताते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित और तथ्यों से परे बताया है।
श्री ठाकुर ने कहा कि जिस “प्रोटोकॉल” की दुहाई भाजपा नेता आज दे रहे हैं, उसी की अनदेखी उनके शासनकाल में बार-बार हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र के सांसद विजय बघेल द्वारा कई मौकों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपेक्षा की गई, जबकि विकास कार्यों की स्वीकृति उनके कार्यकाल में मिली थी। “तब लोकतंत्र और महिला सम्मान की चिंता क्यों नहीं दिखाई गई?”
जिला पंचायत सभापति कल्पना नारद साहू के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए ठाकुर ने कहा कि यह “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत को चरितार्थ करता है। उनके अनुसार भाजपा की राजनीति जनप्रतिनिधियों के सम्मान के बजाय राजनीतिक लाभ-हानि पर केंद्रित रही है और जब विकास कार्यों का श्रेय कांग्रेस नेतृत्व को मिलता है, तब अनावश्यक विवाद खड़े किए जाते हैं।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने ऐतिहासिक विकास का दौर देखा। किसानों की समृद्धि, ग्रामीण सड़कों का विस्तार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा युवाओं के लिए अवसरों ने पाटन विधानसभा सहित पूरे दुर्ग जिले में मजबूत आधार तैयार किया। भाजपा और उससे जुड़े संगठन भारतीय जनता पार्टी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा पर प्रहार करते हुए ठाकुर ने कहा कि उनकी राजनीति विभाजन और टकराव की मानसिकता से संचालित होती है, जबकि कांग्रेस सत्य, अहिंसा, समानता और संविधान सम्मत मूल्यों पर आधारित है। महिला सम्मान के मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि ठोस योजनाओं और नीतिगत फैसलों के जरिए ही वास्तविक सशक्तिकरण संभव है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि भूमिपूजन कार्यक्रम विकास का उत्सव है, न कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मंच। भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताते हुए ठाकुर ने कहा कि “भ्रामक बयानबाज़ी से न तो विकास रुकेगा और न ही जनता गुमराह होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *