दुर्ग/16 दिसंबर 2025। दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के पश्चात किसान नेता प्रीतपाल बेलचंदन ने भाजपा संगठन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। प्रीतपाल बेलचंदन ने कहा कि अविभाजित दुर्ग जिला—दुर्ग, बालोद एवं बेमेतरा—के किसानों, कृषक समूहों एवं सहकारी समितियों के हित में सहकारिता को सशक्त माध्यम बनाकर कार्य किया जाएगा। किसानों की प्रगति, उन्नति एवं आर्थिक मजबूती के लिए सहकारी बैंक की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ और प्रभावी बनाने का सतत प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सहकारिता के मूल मंत्र—विश्वास, सहभागिता और विकास—को प्राथमिकता देते हुए कहा कि किसानों को समय पर ऋण, बेहतर बैंकिंग सुविधाएँ और नई संभावनाएँ उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। सभी जनप्रतिनिधियों, सहकारी साथियों और किसानों के सहयोग से दुर्ग संभाग में सहकारिता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार नव नियुक्त अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन एवं उपाध्यक्ष नरेश यदु 17 दिसंबर 2025, बुधवार को दोपहर 1 बजे दुर्ग जिला सहकारी केंद्रीय बैंक परिसर में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।