भिलाई में 19 से 21 दिसंबर तक होगा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 58वां छत्तीसगढ़ प्रदेश अधिवेशन

भिलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई का 58वां प्रदेश अधिवेशन आगामी 19, 20 और 21 दिसंबर को भिलाई में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय यह अधिवेशन सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में संपन्न होगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से 550 से अधिक विद्यार्थी प्रतिनिधि शामिल होंगे। अधिवेशन की तैयारियों के तहत सोमवार को प्रदर्शनी स्थल, भोजन स्थल, ध्वज मंडल सहित अन्य व्यवस्थाओं का विधिवत भूमिपूजन किया गया। अधिवेशन स्थल को एक सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसे “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा नगर” नाम दिया गया है। इस नगर के अंतर्गत कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवान कौशल यादव की स्मृति में एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें उनके शौर्य और बलिदान को प्रदर्शित किया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक सद्भाव छत्तीसगढ़ प्रांत प्रमुख कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस अधिवेशन के माध्यम से प्रदेशभर से आने वाले विद्यार्थी प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा, शौर्य और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में जिला संघचालक आरएसएस गंगाधर जाधव, अभाविप प्रदेश मंत्री यज्ञदत्त शर्मा, स्वागत समिति अध्यक्ष सजल जैन, सचिव सुरेंद्र कौशिक और नगर अध्यक्ष रितेश दुबे सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अभाविप के इस प्रदेश अधिवेशन को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है और आयोजन को सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *