छत्तीसगढ़ विधानसभा का आखिरी सत्र पुराने भवन में 14 जुलाई से, नवा रायपुर में नए युग की शुरुआत की तैयारी

रायपुर । छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 14 जुलाई से शुरू होकर 18 जुलाई तक चलेगा। कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं। यह सत्र न केवल विधायी कार्यों के लिहाज़ से अहम होगा, बल्कि यह मौजूदा विधानसभा भवन का अंतिम सत्र भी होगा। दिसंबर में प्रस्तावित शीतकालीन सत्र से राज्य की विधायिका नवा रायपुर के नए विधानसभा भवन में शिफ्ट हो जाएगी।

नया भवन, नया अध्याय:
नवा रायपुर के सेक्टर-19 में 51 एकड़ में निर्मित नया विधानसभा भवन लगभग 95% तैयार है और सितंबर तक इसका कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसमें 200 विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। नया भवन तीन प्रमुख विंग्स — विधानसभा सचिवालय, विधानसभा सदन और सेंट्रल हॉल परिसर — में विभाजित है। भवन का उद्घाटन नवंबर में राज्योत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों प्रस्तावित है।

बरौंदा से नवा रायपुर तक का सफर:
राज्य गठन के बाद पहला विधानसभा सत्र 14 दिसंबर 2000 को रायपुर के राजकुमार कॉलेज स्थित जशपुर हॉल में हुआ था। तब से लेकर अब तक, विधानसभा बरौंदा के 55 एकड़ क्षेत्र में स्थित भवन में संचालित हो रही है। अब यह सत्र इस ऐतिहासिक स्थल का विदाई सत्र होगा।

हंगामेदार रहने के आसार:
खेती-किसानी के इस मौसम में विधानसभा का मानसून सत्र गर्मागरम बहस का मंच बनने जा रहा है। खाद संकट और किसानों की समस्याएं विपक्ष का प्रमुख मुद्दा होंगी। कांग्रेस सरकार को पिछले 17 महीने की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था और जनहित के मसलों पर घेरने की तैयारी कर रही है। वहीं भाजपा सरकार अपने कामों के आंकड़ों के साथ विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने को तैयार है।

ऑनलाइन हो रही विधानसभा:
छत्तीसगढ़ विधानसभा तेज़ी से डिजिटल हो रही है। अब 95% सवाल ऑनलाइन माध्यम से पूछे जा रहे हैं। इससे विधायकों का प्रश्न पूछने में रुझान बढ़ा है। इसके लिए विधायकों और अधिकारियों को डिजिटल ट्रेनिंग भी दी गई है।

सरकार और विपक्ष आमने-सामने:
सरकार कानून-व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए व्यापक तैयारी कर रही है। विधानसभा में किस मुद्दे पर कितनी बहस होगी, यह विपक्ष की रणनीति पर निर्भर होगा, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी गूंजते सवालों और तीखे जवाबों की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *