
पाटन। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद पंचायत पाटन में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी द्वारा प्रदेशवासियों के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती नायक ने सभी क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश एवं प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पाटन, उपाध्यक्ष श्री कमलेश वर्मा, जनपद सदस्यगण श्री दुलेश्वर मानपुर, श्रीमती भावना निषाद, श्रीमती उर्वशी वर्मा, श्री आनंद बघेल सहित जनपद पंचायत पाटन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।