प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म विभूषण तीजन बाई के स्वास्थ्य की जानकारी ली — कहा, “मिलना चाहता था, पर संभव नहीं हो सका”; प्रशासनिक अमला पहुँचा उनके घर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद्म विभूषण तीजन बाई के स्वास्थ्य की जानकारी ली — कहा, “मिलना चाहता था, पर संभव नहीं हो सका”; प्रशासनिक अमला पहुँचा उनके घर


दुर्ग / रायपुर, 1 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और रजत महोत्सव के अवसर पर रायपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण सम्मानित तीजन बाई के स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने फोन पर तीजन बाई की बहू रेणु देशमुख से बात कर उनका हालचाल जाना और संवेदना व्यक्त की।

रेणु देशमुख ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से कॉल आने के बाद उनकी लगभग एक मिनट दस सेकंड तक प्रधानमंत्री से बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने तीजन बाई का नाम लेते हुए पूछा, “उनका स्वास्थ्य कैसा है?” जिस पर रेणु देशमुख ने बताया कि तीजन बाई की तबियत काफी खराब है, शरीर में कमजोरी है और खाने-पीने में दिक्कत हो रही है। इस पर प्रधानमंत्री ने गहरी चिंता और संवेदना व्यक्त की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वे राज्योत्सव कार्यक्रम के लिए रायपुर आए हैं और तीजन बाई से व्यक्तिगत रूप से मिलना चाहते थे, लेकिन समयाभाव के कारण संभव नहीं हो पाया। उन्होंने आगे कहा,

“अगर मेरे लायक कोई मदद हो तो अवश्य बताइए।”

प्रधानमंत्री की इस पहल के बाद दुर्ग जिले का प्रशासनिक अमला तुरंत हरकत में आया और कलेक्टर सहित अधिकारियों की टीम तीजन बाई के निवास पहुंची, जहाँ उन्होंने उनका हालचाल जाना और परिवार से बातचीत की। तीजन बाई की बहू रेणु देशमुख ने मीडिया से चर्चा में बताया कि तीजन बाई का स्वास्थ्य लंबे समय से खराब है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो गई है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, ताकि परिवार का भरण-पोषण और इलाज सुचारू रूप से हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *