डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न,सांसद बघेल बोले -“आज के विद्यार्थी ही देश का उज्ज्वल भविष्य”

भिलाई-3। डॉ. खूबचंद बघेल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई-3 में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती अश्विनी महाजन ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं राजकीय गीत के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. श्रीमती अनुपमा अस्थाना, भूपेन्द्र कुलदीप, सांसद प्रतिनिधि विपिन चंद्राकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अश्विनी महाजन ने विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देते हैं।

मुख्य अतिथि विजय बघेल ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1983 में लगभग सवा सौ विद्यार्थियों से शुरू हुई यह संस्था आज हजारों विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि निजी महाविद्यालयों की बढ़ती संख्या के बावजूद यह शासकीय संस्था सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट कार्य कर रही है, जो गर्व का विषय है। उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर ज्ञान-विज्ञान और नवाचार का युग है, ऐसे में युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी सभी ने सराहना की। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पालकगण, विद्यार्थी एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *