रायपुर। बच्चों के स्वास्थ्य और विशेष रूप से जन्मजात हृदय रोगों की समय रहते पहचान के लिए रायपुर जिले में “प्रोजेक्ट धड़कन” के तहत व्यापक नि:शुल्क हृदय जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गंभीर हृदय बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान कर बच्चों को बेहतर और नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा श्री सत्य साईं हॉस्पिटल के सहयोग से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बच्चों की विस्तृत हृदय जांच कर रही है, जिससे जटिल बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सके।
आंगनबाड़ी और स्कूलों में पहुंची स्वास्थ्य टीमें–
मंगलवार को आयोजित शिविरों में विभिन्न टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बच्चों की जांच की। अर्बन टीम डी ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 5 और 6, सरोरा में 141 बच्चों की स्क्रीनिंग की। धरसीवां टीम ने शासकीय प्राथमिक स्कूल में 232 बच्चों, आरंग टीम बी ने मिडिल स्कूल बनारसी में 153 बच्चों और अर्बन टीम बी ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 6, रायपुरा में 117 बच्चों की हृदय जांच की। इसी तरह अभनपुर टीम ने मिडिल स्कूल टेकरी में 197 बच्चों, अर्बन टीम ए ने शासकीय सेजेस स्कूल में 220 बच्चों तथा तिल्दा टीम बी ने मिडिल स्कूल टंडवा में 287 बच्चों की स्क्रीनिंग की। इस प्रकार जिलेभर में एक ही दिन में कुल 1347 बच्चों की नि:शुल्क हृदय जांच की गई।
अभियान आगे भी रहेगा जारी–
जिला प्रशासन ने बताया कि “प्रोजेक्ट धड़कन” के तहत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें। गंभीर हृदय रोगों की समय पर पहचान से न केवल बच्चों का जीवन सुरक्षित होगा, बल्कि उनके भविष्य को भी स्वस्थ बनाया जा सकेगा।