पंचायत भवनों की बिजली कटौती से सरपंच नाराज, कलेक्ट्रेट पहुंच सौंपा ज्ञापन; बोले- फंड दें सरकार, तभी भर पाएंगे वर्षों पुराना बिल-सरपंच संघ ने चेताया- समाधान नहीं हुआ तो उठाएंगे ठोस कदम

पंचायत भवनों की बिजली कटौती से सरपंच नाराज, कलेक्ट्रेट पहुंच सौंपा ज्ञापन; बोले- फंड दें सरकार, तभी भर पाएंगे वर्षों पुराना बिल-सरपंच संघ ने चेताया- समाधान नहीं हुआ तो उठाएंगे ठोस कदम

दुर्ग। ग्राम पंचायतों के बकाया बिजली बिल के चलते पंचायत भवनों में बिजली कनेक्शन काटे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। दुर्ग जिले की कई ग्राम पंचायतों में बिजली कटौती के बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने इसे पंचायतों के कामकाज में बाधा बताते हुए तत्काल समाधान की मांग की है। इस संबंध में सरपंच संघ अध्यक्ष युगल किशोर साहू, जनपद संघ अध्यक्ष ढालेश साहू, सचिव अनिल बंजारे सहित सरपंचों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर आवेदन सौंपा। प्रदेश सरपंच संघ प्रभारी छत्तीसगढ़ युगल किशोर साहू ने कहा कि राज्य के कुल 11,337 सरकारी विभागीय कार्यालयों में बिजली बिल की कुल बकाया राशि 23,509.59 लाख रुपये है। इनमें ग्राम पंचायतों के 8,219 कनेक्शनों पर करीब 14,446.60 लाख रुपये की राशि बकाया बताई गई है। उन्होंने कहा कि यह राशि कई वर्षों से लंबित है और वर्तमान में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए 10 से 15 वर्षों का इतना बड़ा बकाया अपने स्तर पर चुकाना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार पंचायतों को आवश्यक फंड उपलब्ध कराए, तभी पंचायतों द्वारा विद्युत विभाग का बकाया भुगतान किया जा सकेगा। पंचायत भवनों की बिजली काटे जाने से रोजमर्रा के शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वर्तमान समय में पंचायतों का अधिकांश काम ऑनलाइन पोर्टल और कंप्यूटर के माध्यम से होता है। ऐसे में बिजली के अभाव में पंचायत भवनों में कामकाज करना मुश्किल हो गया है।
साहू ने कहा कि एक ओर देश को डिजिटल और विकसित बनाने की बात की जा रही है, वहीं दूसरी ओर पंचायत भवनों में बिजली नहीं होने से ऑनलाइन कार्य प्रभावित होना चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पंचायत भवनों के बाद गांव की स्ट्रीट लाइट और मोटर पंप के कनेक्शन भी काटे जाते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट बंद रहने से गांवों में अंधेरा रहेगा और मोटर पंप की बिजली कटने पर पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित होगी। ऐसे में पंचायतों के विकास और जनसेवा से जुड़े कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
दुर्ग जिले की रिसामा, चिरपोटी, मतवारी, अंडा, अछोटी, जजंगिरी सहित आसपास की कई ग्राम पंचायतों में बिजली कटौती किए जाने की बात सामने आई है। सरपंच संघ ने प्रशासन से पंचायतों के बकाया बिजली बिल के लिए स्थायी और व्यावहारिक समाधान निकालने तथा पंचायतों को आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की मांग की है।

प्रदेश सरपंच संघ प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पंचायतों के हित में उचित दिशा-निर्देश जारी कर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो छत्तीसगढ़ प्रदेश सरपंच संघ द्वारा अतिशीघ्र ठोस कदम उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *