निकुम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पं. प्रदीप मिश्रा ने कहा – “सच्चा परिवार शिव का परिवार”

दुर्ग। दुर्ग जिले के निकुम गांव में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा की वाणी में शिव परिवार की महिमा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पं. मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा, “यदि इस संसार में कोई सच्चा और आदर्श परिवार है, तो वह शिव का परिवार है। शिव का परिवार केवल धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि आदर्श जीवन पद्धति का उदाहरण है।” उन्होंने शिव परिवार के प्रत्येक सदस्य का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि भगवान गणेश बुद्धि के, कार्तिकेय वीरता के, मां पार्वती शक्ति के, और स्वयं महादेव त्याग व कल्याण के प्रतीक हैं। कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु पं. मिश्रा की ज्ञानवाणी में डूब गए और भक्ति रस में सराबोर हो गए।

चार कार्य जो जीवन को शिवमय बनाते हैं: पं. मिश्रा की प्रेरणा

पं. मिश्रा ने जीवन को सफल बनाने वाले चार महत्वपूर्ण कार्यों की शिक्षा दी: ➡ परमार्थ: जरूरतमंदों का उपचार कराएं और शिक्षा दें।
➡ प्रकृति ऋण चुकाएं: वृक्षारोपण कर पृथ्वी का ऋण चुकाएं।
➡ कन्यादान करें: किसी एक बेटी के जीवन को संवारें, यही सच्चा पुण्य है।
➡ शिवालय सेवा करें: किसी एक शिव मंदिर में तन, मन या धन से सेवा करें।

पं. मिश्रा ने कहा, “यदि मनुष्य इन चार कार्यों को जीवन में अपना ले, तो उसका जीवन सार्थक और शिवमय हो जाता है।”

भक्ति और सेवा का संदेश

पं. मिश्रा की शिव महापुराण कथा ने लोगों को भक्ति, सेवा और परमार्थ की प्रेरणा दी। कथा के बाद श्रद्धालुओं ने शिव संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया और कथा स्थल पर हर ओर शिव नाम का गुणगान गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं की भीड़ और उत्कृष्ट व्यवस्था

कथा स्थल में पहले दिन से ही श्रद्धालुओं का विशाल सैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग ने मोर्चा संभालते हुए अनुशासनपूर्ण व्यवस्था बनाई रखी। आयोजन समिति की तैयारी और सेवा भाव की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या देवी, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *