राजधानी में पुलिस पर सवाल : थाने के सामने से जब्त मेटाडोर पार,सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस,सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन इस बार चोरों ने हद ही पार कर दी। पुलिस की कस्टडी में खड़े जब्त वाहन को ही चोर थाने के सामने से लेकर फरार हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला फाफाडीह स्थित यातायात थाना का है, जहां प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने पर 7 अप्रैल को एक मेटाडोर (क्रमांक CG 12 BH 3683) को जब्त किया गया था। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को थाना परिसर के सामने खड़ा किया गया था और चालक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अगले दिन उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे।

बताया जा रहा है कि वाहन दो दिनों तक थाने के सामने खड़ा रहा, लेकिन 9 और 10 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोर उसे लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। यातायात थाना में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक केशरी कुमार साहू की शिकायत पर गंज थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।

इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब थाने के सामने खड़े वाहन ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *