
रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तेजी से काम कर रही है। दक्ष (ITMS) कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन पर जैसे ही किसी स्थान पर जाम की सूचना मिलती है, संबंधित QRT टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया जाता है। पुलिस का दावा है कि टीमें औसतन 5 से 8 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कर रही हैं। यातायात पुलिस के अनुसार हेल्पलाइन पर प्राप्त 88 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस त्वरित व्यवस्था से अचानक लगने वाले जाम की स्थिति को कम समय में नियंत्रित किया जा रहा है।
कमिश्नर के निर्देश पर गठित की गईं 10 टीमें
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर शहर में 10 क्विक रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों पर भेजा जाता है जहां दुर्घटना, वाहन खराब होने, सड़क पर अवरोध या अन्य कारणों से अचानक ट्रैफिक प्रभावित होता है। यातायात पुलिस ने नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर 94792-10632 जारी किया है, जिस पर सीधे कॉल कर जाम की सूचना दी जा सकती है।
ITMS कंट्रोल रूम से हो रही लगातार निगरानी
पूरी व्यवस्था का संचालन इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कंट्रोल रूम से किया जा रहा है। यहां गूगल मैप और शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक की लगातार निगरानी की जाती है। कंट्रोल रूम में जैसे ही किसी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार दिखाई देती है या हेल्पलाइन पर शिकायत प्राप्त होती है, संबंधित QRT को तुरंत लोकेशन भेज दी जाती है। इससे पुलिसकर्मी कम समय में मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने में सफल हो रहे हैं।
प्रमुख चौराहों पर लगाए गए सूचना बोर्ड
पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा ने शहरवासियों से अपील की है कि कहीं भी ट्रैफिक जाम दिखाई देने पर तुरंत हेल्पलाइन 94792-10632 पर सूचना दें। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर हेल्पलाइन संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं। यातायात विभाग का कहना है कि नागरिकों के सहयोग और तकनीकी निगरानी की मदद से राजधानी में ट्रैफिक प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को जाम में फंसने से राहत मिल सके।