
अभनपुर प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ नेताओं और जिलाध्यक्षों को दिए स्पष्ट निर्देश, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi ने अपने छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान पार्टी संगठन को लेकर बड़ा संदेश दिया। रायपुर जिले के अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने वरिष्ठ नेताओं, पूर्व मंत्रियों, विधायकों और जिलाध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकों में संगठनात्मक मजबूती और एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक में राहुल गांधी ने नेताओं को स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए व्यक्तिगत मतभेद और गुटबाजी को समाप्त करना होगा। उन्होंने सभी नेताओं से कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने और आगामी चुनावी चुनौतियों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। राहुल गांधी ने जिलों में पार्टी की स्थिति की जानकारी लेते हुए संगठन विस्तार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक रणनीति और प्रचार का प्रभावी जवाब देने को लेकर भी मंथन किया गया। कांग्रेस नेताओं को सोशल मीडिया और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी की नीतियों और मुद्दों को जनता तक मजबूती से पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जानकारी के अनुसार राहुल गांधी ने पहले पूर्व मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने केवल जिलाध्यक्षों के साथ विशेष संवाद कर संगठनात्मक जिम्मेदारियों, कार्ययोजना और आगामी राजनीतिक लक्ष्यों पर चर्चा की।
अभनपुर में आयोजित 10 दिवसीय कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी की मौजूदगी को आगामी चुनावों और संगठनात्मक पुनर्गठन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि इस दौरे से प्रदेश कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।