रायपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, खुले मैदान में मिला सिर कुचला शव; टैटू के सहारे पहचान में जुटी पुलिस

रायपुर में युवक की बेरहमी से हत्या, खुले मैदान में मिला सिर कुचला शव; टैटू के सहारे पहचान में जुटी पुलिस

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी के खुले मैदान में युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने मैदान में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन उसके दाहिने हाथ पर ‘आर.के. सारथी’ नाम का टैटू मिला है। पुलिस इसी सुराग के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।

पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई व्यक्तिगत कारण हो सकता है, हालांकि अभी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *