रेलवे का बड़ा फैसला : अब आधार वेरिफिकेशन के बिना नहीं बुक होगा तत्काल टिकट, ब्लैक टिकटिंग पर कसेगा शिकंजा

कोरबा। रेलवे ने ब्लैक मार्केटिंग और टिकट दलालों पर नकेल कसने के लिए तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। 1 जुलाई 2025 से IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए तत्काल टिकट केवल आधार सत्यापित उपयोगकर्ता ही बुक कर सकेंगे। वहीं 15 जुलाई से यह नया सिस्टम पूरी तरह से लागू हो जाएगा। इससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और फर्जी बुकिंग पर लगाम लगेगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अब तत्काल टिकट बुक करते समय यात्री के मोबाइल पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग के समय सत्यापन जरूरी होगा। इससे दलाल एक साथ बड़ी संख्या में टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।

ट्रेन टिकटिंग विशेषज्ञ तुषार अग्रवाल ने जानकारी दी कि एसी क्लास के लिए सुबह 10 से 10:30 और नॉन एसी क्लास के लिए 11 से 11:30 बजे तक कोई भी एजेंट टिकट बुक नहीं कर सकेगा। इस अवधि में केवल वास्तविक यात्री ही टिकट बुक कर पाएंगे।

रेलवे का यह नया नियम पीआरएस काउंटर, अधिकृत एजेंट और ऑनलाइन सभी माध्यमों पर लागू होगा। रेलवे का उद्देश्य है कि टिकटिंग प्रणाली पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी बने ताकि यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *