दुर्ग से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई रामलला दर्शन स्पेशल ट्रेन, विधायक ललित चंद्राकर ने दिखाई हरी झंडी

दुर्ग। “श्री रामलला दर्शन योजना” के अंतर्गत दुर्ग रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए विशेष श्रद्धालु ट्रेन को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर स्टेशन परिसर “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि अयोध्या धाम की यह यात्रा जनमानस में अध्यात्म, संस्कार और राष्ट्रभावना का संचार कर रही है। यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि रामभक्तों की आस्था, श्रद्धा और श्रीराम नाम से जुड़ी भावनाओं का सजीव प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर प्रदान करती हैं, साथ ही हमारी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक पर्यटन को भी सशक्त बनाती हैं।

प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भक्ति, अनुशासन और उल्लास ने इस यात्रा को और भी दिव्य व स्मरणीय बना दिया। ट्रेन के प्रस्थान के समय स्टेशन परिसर में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भावविभोर हो गया। कार्यक्रम में दुर्ग जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जिला मंत्री शैलेन्द्र शेंडे, सभापति गोकुल वर्मा, महामंत्री चंदु देवांगन, प्रवीण यदु, ममता चंद्राकर, संस्कृति शर्मा, पार्षद सविता धवज, हरीश नायक, पार्षद विक्की चंद्राकर, अजीत चंद्राकर, पिंटू चोपड़ा सहित समाज कल्याण विभाग एवं रेलवे विभाग के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *