मणिपुर में शहीद हुए रंजीत का तिरंगे में लिपटा पार्थिव देह जगदलपुर पहुँचा, गृहग्राम बालेंगा में अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

जगदलपुर । मणिपुर में तीन दिन पहले उग्रवादियों के हमले में शहीद हुए बालेंगा निवासी जवान रंजीत का पार्थिव देह मंगलवार सुबह जगदलपुर एयरपोर्ट पहुँचा। एयरपोर्ट पर शहीद के परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों की आंखें नम हो गईं। जैसे ही तिरंगे में लिपटा रंजीत का शव एयरपोर्ट से बाहर आया, भारत माता की जय और “रंजीत अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

इसके बाद शहीद के पार्थिव देह को बाइक रैली के माध्यम से गृहग्राम बालेंगा ले जाया गया। रास्ते भर लोग तिरंगा झंडा हाथ में लेकर सड़क किनारे खड़े रहे और शहीद को अंतिम सलाम किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर लोगों ने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। गृहग्राम पहुँचने पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। गांव के हर घर से लोग बाहर आए और शहीद रंजीत की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।

गौरतलब है कि शुक्रवार शाम मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के नांबोल सबल लीकाई इलाके में उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर घात लगाकर हमला किया था। इस हमले में दो जवान शहीद हुए, जिनमें जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) रंजीत बालेंगा निवासी शामिल थे। वहीं तीन अन्य जवान घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। रायपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी शहीद रंजीत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *