दुर्ग, 5 अप्रैल 2026। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग के चुनाव के लिए शनिवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हो गया। कुल 17 पदों के लिए हुए इस चुनाव में अधिवक्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव में कुल 1703 मतदाताओं में से 1454 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के लिए 6 बूथ बनाए गए थे। सुबह 9 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक चली, जिसमें अधिवक्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा। दोपहर 2 बजे तक ही आधे से अधिक मतदाता अपने वोट डाल चुके थे।
अब मतगणना 5 और 6 अप्रैल को की जाएगी। पहले दिन रविवार को सुबह 9 बजे से 10 पदाधिकारियों के लिए वोटों की गिनती शुरू होगी और दोपहर तक परिणाम घोषित होने की संभावना है। वहीं सोमवार को 7 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतगणना की जाएगी। मतदान के दौरान प्रत्याशी अंतिम समय तक मतदाताओं से समर्थन की अपील करते नजर आए। मतदान के बाद सभी उम्मीदवारों ने अपनी-अपनी जीत के दावे भी किए हैं।
इस चुनाव की एक खास बात “वन बार, वन वोट” नियम रहा, जिसके तहत सभी मतदाताओं से घोषणा पत्र भरवाया गया कि वे केवल जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग में ही पंजीकृत हैं और यहीं मतदान कर रहे हैं। चुनाव में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, महिला सहसचिव, कोषाध्यक्ष, ग्रंथालय सचिव, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव सहित विभिन्न पदों पर कुल 64 प्रत्याशी मैदान में हैं। पूरी चुनाव प्रक्रिया मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव पांडेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी इसराईल शरीफ सहित अन्य अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।