दुर्ग-रायपुर खारुन ब्रिज पर मरम्मत का काम : 1 अप्रैल से एक माह तक वन-वे यातायात, यात्रियों को 1 घंटा पहले निकलने की सलाह

रायपुर। दुर्ग और रायपुर को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-53 स्थित कुम्हारी (खारुन नदी) पुल पर 1 अप्रैल से मरम्मत कार्य शुरू होने जा रहा है। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस कार्य के दौरान पुल पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पुल पर प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख वाहनों का दबाव रहता है। इसे देखते हुए पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। मरम्मत के दौरान पुल पर ‘वन-वे’ सिस्टम लागू रहेगा, जिसमें एक ही लेन से दोनों दिशाओं का यातायात बारी-बारी से संचालित किया जाएगा। इससे जाम की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। ट्रैफिक पुलिस ने चंदनीडीह से कुम्हारी टोल के बीच ओवरटेकिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

जरूरी यात्रा के लिए पहले निकलें
ट्रैफिक विभाग ने एडवायजरी जारी करते हुए यात्रियों से अपील की है कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या परीक्षा जैसे जरूरी काम के लिए निकलते समय कम से कम एक घंटा पहले घर से रवाना हों। सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
यातायात दबाव कम करने के लिए प्रशासन ने कई वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं—

  • नया रायपुर और एयरपोर्ट जाने वाले यात्री सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करें।
  • भिलाई-दुर्ग से रायपुर आने वाले वाहन चालक सेलूद-फूंडा-जामगांव-अमलेश्वर मार्ग अपनाएं।
  • चरोदा और भिलाई-3 क्षेत्र के निवासी सिरसा गेट-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से रायपुर पहुंच सकते हैं।
  • कार और बाइक चालक चंदनीडीह से पुराने पुल या भाठागांव-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।

अधिकारियों ने की अपील
ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि पुल की मरम्मत को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण कर एडवायजरी जारी की गई है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *