महिला सम्मान और युवक-युवती परिचय सम्मेलन में झलकी कुर्मी समाज की एकता और संस्कार, जनपद अध्यक्ष कीर्ति ने कहा -एकजुटता और सकारात्मक सोच से समाज को मिलेगी नई दिशा

रायपुर । सर्व कुर्मी समाज द्वारा लखिराम अग्रवाल ऑडिटोरियम, बिलासपुर में महिला सम्मान एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य, गरिमामयी और प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में माताओं-बहनों, वरिष्ठजनों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अपने प्रेरक उद्बोधन में उन्होंने समाज की एकजुटता और समन्वय पर बल देते हुए कहा कि “एकजुटता, समन्वय और सकारात्मक सोच ही किसी भी समाज को नई दिशा देने की सबसे बड़ी शक्ति होती है।”
श्रीमती नायक ने नारी सम्मान को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि जिस समाज में महिलाओं को सम्मान और समान अवसर मिलता है, वही समाज निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कुर्मी समाज की मेहनत, ईमानदारी और सशक्त संस्कारों की सराहना करते हुए इसे प्रदेश में विशिष्ट पहचान वाला समाज बताया। उन्होंने युवक-युवती परिचय सम्मेलन को सामाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को सही दिशा देने के साथ समाज में आपसी विश्वास और जुड़ाव को मजबूत करते हैं। साथ ही युवाओं से शिक्षा, संस्कार और अनुशासन को जीवन का मूल आधार बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान समाज की उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी महिलाओं का सम्मान किया गया। युवक-युवती परिचय सम्मेलन में बड़ी संख्या में परिवारों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और समावेश की भावना को और सुदृढ़ किया। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, सम्मान और सामाजिक समरसता से ओत-प्रोत रहा। अंत में सर्व कुर्मी समाज द्वारा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक का आत्मीय सम्मान किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समाज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *