
अनियमित बिजली आपूर्ति से व्यापार, शिक्षा और जनजीवन प्रभावित
जामगांव आर। क्षेत्र में लगातार हो रही बिना पूर्व सूचना की अनियमित बिजली कटौती से परेशान व्यापारियों ने अब मोर्चा खोल दिया है। जामगांव आर व्यापारी संगठन ने कनिष्ठ यंत्री, विद्युत विभाग कार्यालय जामगांव (आर) को ज्ञापन सौंपकर अव्यवस्थित विद्युत आपूर्ति पर तत्काल रोक लगाने तथा नियमित बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले कुछ समय से बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। दुकानों, प्रतिष्ठानों और छोटे उद्योगों का कामकाज बाधित होने के साथ व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, बार-बार बिजली जाने और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण विद्युत उपकरणों के खराब होने की आशंका भी बनी हुई है।
व्यापारी संगठन ने मांग की है कि अनियमित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। यदि किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या है तो उसका शीघ्र समाधान कर व्यापारियों एवं आम नागरिकों को राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर व्यापारी संगठन के अध्यक्ष अभिषेक चंद्राकर ने कहा कि “बिजली केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि आज के समय में जीवन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास की आधारशिला है। बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली कटौती से केवल व्यापार ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की पढ़ाई, आम नागरिकों का दैनिक जीवन और क्षेत्र का समग्र विकास प्रभावित हो रहा है। जनता को अंधेरे में रखकर विकास का प्रकाश नहीं फैलाया जा सकता। नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसकी मांग करना जनहित की सशक्त आवाज है। व्यापारी संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो व्यापारियों और क्षेत्रवासियों के हित में आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापारी संगठन के अध्यक्ष अभिषेक चंद्राकर, उपाध्यक्ष मनीष जैन,कोषाध्यक्ष मनी चंद्राकर, सचिव गोपाल साहू, चतुर साहू,प्रेमचंद जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।