छत्तीसगढ़ योग आयोग का आवासीय प्रशिक्षण शिविर: 33 जिलों में योग गतिविधियों को सशक्त बनाने 66 योग साधकों को मिला प्रशिक्षण

रायपुर। आधुनिक जीवनशैली, जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, अनियमित दिनचर्या, रासायनिक खाद के बढ़ते प्रयोग और नशापान के कारण जनमानस में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में हमारी प्राचीनतम विधा योग को जीवन में अपनाकर व्यक्ति स्वयं, परिवार और समाज को अनेक व्याधियों से सहज रूप से दूर रख सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर रूपनारायण सिन्हा, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ योग आयोग (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) के नेतृत्व में प्रदेशभर में योग के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आयोग द्वारा युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के लिए राज्य के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में योग सेमिनार और कार्यशालाओं का निरंतर आयोजन किया जा रहा है।

योग को सुदूर वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा क्षेत्रों में दस दिवसीय आवासीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रशिक्षित योग साधकों का चयन कर उन्हें राज्य के लगभग 3500 आदिवासी छात्रावासों में नियमित रूप से निशुल्क योगाभ्यास की कक्षाएं संचालित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। शासन की अनुमति के बाद आदिवासी छात्रावासों में इस योजना की शुरुआत बस्तर अंचल के बीजापुर से की जा रही है। इसी क्रम में रायपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर रोहिणीपुरम में 9 से 16 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ योग आयोग द्वारा सात दिवसीय आवासीय योग प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में राज्य के 33 जिलों के योग जिला समन्वयक और सह समन्वयक सहित लगभग 66 योग साधकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये साधक अपने-अपने जिलों में ग्राम पंचायत स्तर तक योग का विस्तार और प्रचार-प्रसार करेंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर अंचल के तपस्वी संत बासुदेव बाबा के सानिध्य तथा योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में मोहन उपारकर (गायत्री परिवार संस्थान एवं पूर्व पार्षद), रमेश अग्रवाल, रुद्र प्रताप कश्यप सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. सी.एल. सोनवानी, छबिराम साहू, डॉ. ज्योति साहू तथा खोमेश साहू ने योग साधकों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इसके अलावा संदीप उपारकर, गौरव देवांगन, रविकांत कुंभकार, अभिषेक भारतद्वाज, दिनेश साहू सहित अन्य योग साधक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *