जामगांव कालेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी व ओपन क्विज, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नवाचार मॉडल

जामगांव (आर)। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव (आर) में 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी, ओपन क्विज प्रतियोगिता तथा विद्यार्थियों के प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विज्ञान के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों ने जैव विविधता, जल संरक्षण तथा स्वास्थ्य जागरूकता जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संबंधित विषयों पर प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विज्ञान के महत्व को समझाया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विज्ञान आज के जीवन का अनिवार्य अंग है और इसके प्रति जागरूकता समाज के विकास के लिए आवश्यक है।

इस अवसर पर बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा श्वेता ने “क्लोनिंग” विषय पर तथा मुकेश कुमार ने “विज्ञान में महिलाओं की भूमिका” विषय पर प्रस्तुति दी। वहीं धनेश्वर ने पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। गणित विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार ने ओपन क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक बनाया। कार्यक्रम में आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. अखिलेश कुमार तिवारी ने विज्ञान आधारित जानकारियों के माध्यम से ज्ञानवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. संतोष कुमार पाण्डेय ने महान वैज्ञानिक डॉ. सी. वी. रमन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया तथा कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन किया। विज्ञान प्रदर्शनी में श्वेता को प्रथम, मुकेश को द्वितीय तथा धीरज और मेयराज को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में छात्रसंघ प्रभारी प्रो. आर. के. तिवारी, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. नीता कुम्हारे, वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. ए. एच. खान, श्री मनीष कुमार और श्री मेजराम जोशी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों कुलश्रेष्ठी, रश्मि, यामिनी, वंदना, मयंक और मानसी सहित अन्य छात्र-छात्राओं की कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *