जामगांव आर। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस के उपलक्ष्य में सेवा सहकारी समिति जामगांव आर परिसर में शनिवार को “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत समिति परिसर और आसपास के क्षेत्र में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अभियान में सभी अतिथियों ने अपनी माता के नाम पर एक-एक पौधा रोपित किया और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्राधिकृत अध्यक्ष भगवान सिंह चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर, सरपंच रूपेन्द्र शुक्ला, कॉलेज अध्यक्ष नरेश केला, ग्रामीण अध्यक्ष के एल साहू, पूर्व डायरेक्टर जयप्रकाश चंद्राकर, शाला विकास समिति अध्यक्ष अंगेश्वर साहू, पूर्व उपाध्यक्ष दीनू ठाकुर, मंडल महासचिव पुणेन्द्र सिन्हा, उपसरपंच मुकेश साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मौके पर शअध्यक्ष भगवान सिंह चंद्राकर ने कहा कि वृक्ष धरती का श्रृंगार हैं और यह अभियान भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण सुरक्षा का बेहतरीन प्रयास है। जनपद सदस्य रामकुमार चंद्राकर ने इस कार्यक्रम को हर वर्ष आयोजित करने का सुझाव दिया। शांतनु महेश्वरी ने कार्यक्रम का संचालन किया जबकि शाखा प्रबंधक संतराम सेन ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।