
जामगांव आर, 15 अगस्त 2026। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय बेल्हारी एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय, अनुशासित एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालयीन कर्मचारियों, एसएमसी/एसएमडीसी पदाधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि एवं शाला प्रबंध समिति (एसएमसी) अध्यक्ष मनीष चंद्राकर ने शाला परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद सदस्य अजय साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में सरपंच अमित अग्रवाल, मिडिल एसएमसी अध्यक्ष शिव साहू, पालक समिति अध्यक्ष महेश साहू, सांसद प्रतिनिधि रामसिंह बंसोड, यादमल गोलछा, कुंदन सिन्हा, भेन चंद्राकर, उपाध्यक्ष ज्योति साहू, पवन साहू, कीर्ति जारकेबिंदु प्रजापति सहित प्राचार्य रीना चौधरी मंचासीन रहे।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत मौलश्री के पौधे रोपे गए। स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों ने नगर में प्रभातफेरी निकालकर विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर देशभक्ति का संदेश दिया। ग्राम पंचायत बेल्हारी में सरपंच अमित अग्रवाल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में शाखा प्रबंधक आर.एस. सिन्हा, सेवा सहकारी समिति में प्राधिकृत अधिकारी रूपसिंह सिन्हा, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक में नीलकंठ प्रजापति एवं नारंतक सोनवानी, महात्मा गांधी चौक में चंदा चक्रधारी एवं गंगा यादव, जय जवान जय किसान चौक में भूषण चंद्राकर, जितेंद्र धनकर एवं संतोष राठी, आंगनबाड़ी केंद्र में अनीता साहू एवं रोहिणी सेंगर, अटल चौक में यादमल गोलछा, जितेश्वरी महमल्ला एवं रामसिंह बंसोड तथा मंगल भवन चौक में मंजुलाल भारती, टाल सोनवानी एवं लता बंजारे ने ध्वजारोहण किया। एच.के. मेमोरियल स्कूल में भी ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम का संचालन खुशबू मिश्रा एवं संकुल समन्वयक कमलेश साहू ने किया तथा वरिष्ठ व्याख्याता योगेंद्र कुमार साहू ने आभार व्यक्त किया। समारोह में नीता वर्मा, किशोर कुमार जायसवाल, के. हेमावती, उत्तम कुमार पटेल, सांस्कृतिक प्रभारी वरिष्ठ व्याख्याता मुकेश्वरी ध्रुव, गीतांजलि खुटैल, देवेंद्र साहू, चंद्रकला साहू, तोषण लाल साहू, बुधराम साहू, अनिता शर्मा, श्रद्धा वर्मा, सलमा रूही, पुलस्य साहू, चलेश साहू, दीपिशा एन.के., तृष्णा चक्रवर्ती, शिबुमाला हरी, कौशर अंजुम, बिलाल अहमद अंसारी, पुष्पेंद्र साहू, अमनदीप सोनी, वासुदेवनंदन नाग, पूनम सिंह, तुषार कामरे,नरेंद्र कुमार साहू, विद्या नायर, श्रुति शर्मा, प्रियंका आनंद, नेहा आनंद माहेश्वरी, द्रौपती गंजीर, सरस्वती चतुर्वेदी, धारा साहू सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
‘मातृभूमि एक, तिरंगा एक और राष्ट्र एक’—मनीष चंद्राकर
मुख्य अतिथि मनीष चंद्राकर ने विद्यार्थियों, पालकों एवं ग्रामवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, तपस्या और बलिदान है। विद्यार्थियों को स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए शिक्षा, अनुशासन और संस्कार को अपने जीवन का आधार बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का भविष्य कक्षाओं में तैयार होता है और आज का विद्यार्थी ही कल देश का जिम्मेदार नागरिक बनेगा। विद्यार्थियों को गुरुजनों का सम्मान करने, नियमित अध्ययन करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और गांव का नाम रोशन करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता हमारी ताकत है, लेकिन राष्ट्रभाव सर्वोपरि है। हमारी पूजा-पद्धति और भाषाएं भले अलग हों, मातृभूमि, तिरंगा और राष्ट्र एक है। ‘वंदे मातरम्’ भारतभूमि के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का उद्घोष है। देश हमें अधिकार देता है, इसलिए उसके प्रति कर्तव्यों का निर्वहन और तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
‘सच्ची देशभक्ति अच्छे नागरिक बनने में है’ : प्राचार्य रीना चौधरी
संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य रीना चौधरी ने कहा कि सच्ची देशभक्ति केवल नारों और गीतों तक सीमित नहीं होती, बल्कि अच्छे नागरिक बनने, ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन करने, शिक्षा प्राप्त करने और समाज के प्रति संवेदनशील रहने में है। उन्होंने विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी तथा रेडक्रॉस, स्टैंडर्ड क्लब एवं भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विद्यालय के गौरव हैं।
देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां –प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान एवं शील्ड प्रदान की गई। रेडक्रॉस, स्टैंडर्ड क्लब तथा भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताओं, भाषणों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, राष्ट्रप्रेम, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, पालकों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया।