
पाटन, 15 अगस्त 2026। तहसील कार्यालय पाटन परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उत्तम ध्रुव ने सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात एसडीएम उत्तम ध्रुव ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर तहसीलदार पवन सिंह ठाकुर सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान भारत माता एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र निर्माण में सत्यनिष्ठा, कर्तव्यपरायणता एवं पूर्ण लगन के साथ शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। समारोह का समापन उपस्थितजनों के बीच मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।