24 घंटे में सुलझी बुजुर्ग दंपती लूटकांड की गुत्थी: पूर्व केयरटेकर निकला आरोपी, नौकरी से निकाले जाने का लिया बदला

24 घंटे में सुलझी बुजुर्ग दंपती लूटकांड की गुत्थी: पूर्व केयरटेकर निकला आरोपी, नौकरी से निकाले जाने का लिया बदला

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने दबोचा आरोपी, बाइक, हथियार और लूटा गया सामान बरामद
दुर्ग, 7 जुलाई 2026। दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती से हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई पेशेवर बदमाश नहीं, बल्कि दंपती का पूर्व केयरटेकर निकला। पुलिस के अनुसार, तीन महीने पहले नौकरी से निकाले जाने की रंजिश में आरोपी ने लूट की साजिश रची थी।
मुंह ढंककर घर में घुसा, चाकू दिखाकर की लूट
पुलिस के मुताबिक नेवई थाना क्षेत्र के प्रगति नगर स्थित शुभकामना हाइट्स में रहने वाले बीएसपी के सेवानिवृत्त कर्मचारी और उनकी पत्नी घर पर अकेले थे। इसी दौरान पूर्व केयरटेकर विभान्शु महोबिया मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में घुसा और धारदार हथियार दिखाकर बुजुर्ग दंपती को धमकाया। आरोपी ने महिला के गले से सोने का नेकलेस लूट लिया और मौके से फरार हो गया।
CCTV फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत
घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। एसएसपी के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हथियार, बाइक और कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, धारदार हथियार और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी
पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में यदि कोई और तथ्य सामने आते हैं तो उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *