जामगांव आर । पाटन विकासखंड के ग्राम अकतई रिवागहन चारभाटा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में चांवल का स्टॉक पहुंचने के बावजूद हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पा रहा है। ई-पॉस मशीन में सर्वर समस्या के कारण वितरण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। जानकारी के अनुसार, चांवल की कमी को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व में कलेक्टर एवं एसडीएम से शिकायत की थी। शिकायत के बाद राशन दुकान में चांवल तो पहुंच गया, लेकिन तकनीकी बाधा के चलते अब तक वितरण शुरू नहीं हो सका है।
राशन लेने पहुंचे हितग्राही सुबह से दुकान के सामने बैठे सर्वर चालू होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, राशन दुकान संचालक भी दुकान में मौजूद है, लेकिन नेटवर्क न होने के कारण चांवल वितरण करने में असमर्थ बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की तकनीकी समस्याएं बार-बार सामने आती हैं, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हितग्राहियों ने प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र सर्वर समस्या का समाधान कराकर चांवल वितरण प्रारंभ कराया जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।