मिर्ची पाउडर फेंककर 2 लाख की लूट : बैंक मित्र को चाकू दिखाया, फिर नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

मिर्ची पाउडर फेंककर 2 लाख की लूट : बैंक मित्र को चाकू दिखाया, फिर नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

अभनपुर, 2 जून 2026। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे एक बैंक मित्र को निशाना बनाते हुए दो अज्ञात बदमाशों ने मिर्ची पाउडर फेंककर करीब 2 लाख रुपये लूट लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।जानकारी के अनुसार पीड़ित बैंक मित्र बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर अपने घर लौट रहा था। इस दौरान उसने मुख्य मार्ग की बजाय शॉर्टकट रास्ते का उपयोग किया। विरोधा और सारखी गांव के बीच पुल के पास पहले से घात लगाकर बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने पहले चाकू दिखाकर पीड़ित को डराया और फिर उसके हेलमेट में मिर्ची पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से बैंक मित्र संभल नहीं पाया। इसी का फायदा उठाकर बदमाश नकदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं दिनदहाड़े हुई इस लूट की वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुनसान मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *