
पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-04 के उपचुनाव में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी रहे सुरेंद्र साहू ने लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल पेश करते हुए निर्वाचित जनपद सदस्य उर्वशी साहू को उनके निवास पहुंचकर जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सुरेंद्र साहू ने उर्वशी साहू को श्रीमद्भागवत गीता एवं मिठाई भेंट कर उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और उसका सम्मान करना प्रत्येक जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता का दायित्व है।
सुरेंद्र साहू ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उर्वशी साहू क्षेत्र के गांवों, गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और मातृशक्ति के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और सकारात्मक राजनीति के लिए उनका सहयोग सदैव उपलब्ध रहेगा। पूर्व भाजपा प्रत्याशी ने क्षेत्रवासियों से भी राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर गांव और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनका संकल्प है और विकास ही उनका लक्ष्य है।