महासमुंद, 2 अप्रैल 2026। जिले के कांग्रेस भवन में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान पूरे परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, विवाद निर्मल जैन और पार्षद विजय साव के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले दोनों के बीच तीखी कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। इस अचानक हुए बवाल से मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ता भी हैरान रह गए। घटना के समय जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव और पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर भी कांग्रेस भवन में मौजूद थे। उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक विवाद काफी बढ़ चुका था।
सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा विवाद किसी छोटे मुद्दे से शुरू हुआ था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच पहले से चले आ रहे मतभेद और गुटबाजी के कारण मामला गंभीर रूप ले बैठा। इस घटना ने न केवल पार्टी की छवि को धक्का पहुंचाया है, बल्कि संगठन के भीतर चल रहे आंतरिक मतभेदों को भी उजागर कर दिया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और खुद को निर्दोष बताया है। मामला अब सिटी कोतवाली तक पहुंच गया है, जहां शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सभी पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।