18 सितंबर को दुर्ग में सचिन पायलट करेंगे आमसभा – “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत रैली व सभा की तैयारी तेज

दुर्ग। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट आगामी 18 सितंबर को दुर्ग पहुंचेंगे, जहां वे “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत एक आमसभा को संबोधित करेंगे।जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट के साथ एआईसीसी महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी उपस्थित रहेंगे। दोनों नेता मिनीमाता चौक दुर्ग से बाइक रैली के जरिए रवाना होकर सभा स्थल गांधी चौक दुर्ग पहुंचेंगे। इस रैली में पीसीसी चीफ दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

आमसभा की तैयारी को लेकर दुर्ग में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण व शहर की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसकी समीक्षा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के सहप्रभारी डॉ. एस.ए. संपत कुमार ने की। बैठक में दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायक अरुण वोरा और प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र साहू विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 18 सितंबर को होने वाले “वोट चोर गद्दी छोड़” कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा था। सहप्रभारी संपत कुमार ने मिनीमाता चौक पुलगांव से लेकर गांधी चौक सभा स्थल तक का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा –“भाजपा ने मतदाताओं को धोखा देकर लोकतंत्र की हत्या की है। महाराष्ट्र, हरियाणा और अन्य राज्यों में धांधली कर असद वोटों का प्रतिशत बढ़ाकर जीत हासिल की गई। राहुल गांधी ने इसके ठोस सबूत पूरे देश के सामने रखे हैं। इसके बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक इस्तीफा दे देना चाहिए था।”

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस रैली व आमसभा में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *