जामगांव आर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान और दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल की पहल पर पूरे संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2025 का आयोजन जोरों पर है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत भरर में 14 एवं 15 अक्टूबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरर के टोनही भाठा मैदान में खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव के पहले दिन कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शाला परिवार, ग्राम पंचायत की सरपंच कौशिल्या साहू, भाजपा नेता अरुण चंद्राकर, पंचायत प्रतिनिधियों सहित आयोजन के संयोजक दिनेश नागरिया, राधेश्याम चंद्राकर और गोवर्धन साहू विशेष रूप से उपस्थित थे। पंचायत सचिव गेम सिंह यदु के मार्गदर्शन में खेल प्रतियोगिताओं का संचालन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कबड्डी, दौड़, फुगड़ी, खो-खो, कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को प्रथम एवं द्वितीय स्थान के आधार पर पुरस्कृत करने की घोषणा की गई। भाजपा नेता अरुण चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा —सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का माध्यम हैं। हमारे गांवों में खेल की अपार संभावनाएँ हैं, बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना सिखाते हैं — यही संस्कार एक सशक्त समाज की नींव रखते हैं। सांसद विजय बघेल जी के नेतृत्व में यह अभियान युवाओं को नई दिशा देने वाला सिद्ध होगा।
ग्राम पंचायत की सरपंच कौशिल्या साहू ने कहा कि खिलाड़ियों का उत्साह सराहनीय है। ऐसे आयोजन ग्रामीण अंचलों में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना जगाने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।