जामगांव आर, 17 फरवरी 2026। ग्राम आगेसरा में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय संत कबीर सत्संग समागम का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण एवं कबीर वाणी के पाठ के साथ हुई। सरपंच रमाकांत साहू एवं ग्राम के वरिष्ठजनों ने आमंत्रित संतों का पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। सत्संग में साध्वी चंद्रकला साहेब (सोनारदेवरी) ने अपने प्रेरक प्रवचन में संत कबीर की वाणी का सार प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि “संत कबीर का संदेश आज भी समाज के लिए उतना ही प्रासंगिक है, जितना पूर्वकाल में था। मनुष्य को बाहरी आडंबरों से दूर रहकर सत्य, प्रेम और सेवा का मार्ग अपनाना चाहिए।”
साध्वी ने आगे कहा कि सच्चा धर्म वही है जो मानवता की सेवा, आत्मचिंतन और सदाचार की प्रेरणा दे। कबीर साहेब के दोहों के माध्यम से उन्होंने समझाया कि जीवन क्षणभंगुर है, इसलिए अहंकार, लोभ और द्वेष का त्याग कर सत्कर्मों की ओर अग्रसर होना ही मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य है। सत्संग और साधना से ही आत्मिक शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति संभव है।समागम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास के क्षेत्र से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में केशव सोनी, जसवंत साहू, गोपी लाल साहू, नंदकुमार पटेल, कन्हैया साहू, नरोत्तम साहू सहित ग्राम पंचायत के समस्त पंचों का विशेष सहयोग रहा। भजन-कीर्तन और कबीर वाणी से वातावरण दिनभर भक्तिमय बना रहा। आयोजकों ने दूसरे दिन भी अधिकाधिक श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर सत्संग का लाभ लेने की अपील की है।