
पाटन/दुर्ग। शालेय शिक्षक संघ पाटन ब्लॉक की महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोरपा के प्रधान पाठक संतोष कुमार शर्मा को शालेय शिक्षक संघ पाटन ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में संघ के प्रदेश पदाधिकारी कृष्णराज पांडेय एवं घनश्याम पटेल, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, जिला कार्यकारिणी सदस्य वेदराम जांगड़े एवं संदेश पाण्डेय, वरिष्ठ शिक्षक राकेश सिंह ठाकुर, सुनील नायक, घनश्याम साहू एवं विक्रांत दुबे सहित बड़ी संख्या में संघ के सदस्य शामिल हुए।
शिक्षकों की स्थानीय समस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान पाटन विकासखंड के शिक्षकों की विभिन्न स्थानीय समस्याओं एवं संगठन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर 25 अगस्त को आयोजित जिला स्तरीय टीईटी ज्ञापन रैली में अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों से शामिल होने की अपील की गई। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आगामी दिनों में बैठक आयोजित कर ब्लॉक कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा शिक्षकों को संगठन की गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में कार्य करने की बात कही।
प्रदेशाध्यक्ष ने दी बधाई
संतोष कुमार शर्मा को ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाने पर शालेय शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पाटन विकासखंड के सभी शिक्षक साथियों को संगठन की मूलधारा से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।