
जामगांव आर , 24 अगस्त 2026। संकुल केंद्र आगेसरा में सोमवार को संकुल स्तरीय पठनवीर प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन कौशल, त्वरित गणना, मानसिक क्षमता, सामान्य ज्ञान तथा अंग्रेजी भाषा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास विकसित करना रहा। प्रतियोगिता में संकुल अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल आगेसरा (पूर्व माध्यमिक विभाग), पूर्व माध्यमिक शाला बटरेल एवं पूर्व माध्यमिक शाला अरमरी खुर्द के कुल 30 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता पांच विधाओं—सामान्य ज्ञान, जादुई गणित, मानसिक गणित, इंग्लिश स्पीड रीडिंग एवं इंग्लिश स्टोरी टेलिंग—में आयोजित की गई।
विजेता विद्यार्थियों का प्रशस्ति पत्र से सम्मान
विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजयी प्रतिभागियों को संकुल प्राचार्य प्रकाश ठवकर द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहित करते हुए पेन प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का जोन स्तरीय पठनवीर प्रतियोगिता के लिए जामगांव-आर हेतु चयन किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
शिक्षकों के सहयोग से सफल आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन संकुल समन्वयक टिकेश्वर गजपाल के संयोजन एवं मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में शिक्षक शिवराम ठाकुर, मुकेश कुमार बनपाल, वीरेंद्र वर्मा, रामखिलावन साहू, युगल किशोर परगनिहा, अनूप कुमार दुबे, मोहिनी वर्मा एवं नवनीत प्रजापति का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। पठनवीर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास, त्वरित सोच और सीखने की भावना को बढ़ावा मिला। आयोजकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी जोन स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।