
रायपुर। राजधानी रायपुर के अटारी गांव स्थित नंदनवन को अब नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित करने की तैयारी है। नंदनवन के कायाकल्प के लिए करीब 50 करोड़ रुपये की पुनर्विकास परियोजना प्रस्तावित की गई है। इसे पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य नंदनवन को पर्यटकों के लिए आकर्षक, सुविधाजनक और बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारियों ने मुख्य सचिव विकासशील के समक्ष नंदनवन पुनर्विकास की प्रस्तावित परियोजना का प्रस्तुतिकरण किया। बैठक में परियोजना के विभिन्न पहलुओं और नंदनवन को आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
50 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प
प्रस्तावित परियोजना के तहत नंदनवन में करीब 50 करोड़ रुपये का निवेश अनुमानित है। PPP मॉडल के माध्यम से यहां मौजूदा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। योजना का प्रमुख उद्देश्य नंदनवन को ऐसा स्वरूप देना है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव मिल सके।
नए स्वरूप में विकसित होगा बॉटनिकल गार्डन
नंदनवन परिसर स्थित बॉटनिकल गार्डन को नए सिरे से विकसित और पुनर्जीवित किया जाएगा। विकास कार्यों में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को प्राथमिकता देने के साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। इसके जरिए नंदनवन को रायपुर के प्रमुख आकर्षण और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नंदनवन के पुनर्विकास में पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और आकर्षण को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही यहां आवश्यक जन-सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
उच्चस्तरीय बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, NRDA के सीईओ चंदन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नंदनवन के प्रस्तावित पुनर्विकास के बाद रायपुर को एक और बेहतर नेचर एवं टूरिज्म डेस्टिनेशन मिलने की उम्मीद है। परियोजना के जरिए प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखते हुए आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का समावेश किया जाएगा।