संविधान बचाओ–आरक्षण लागू करो”: 13 अप्रैल को दुर्ग कलेक्ट्रेट में ओबीसी समिति का बड़ा प्रदर्शन,प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को सौपेंगे ज्ञापन

दुर्ग। ओबीसी संयोजन समिति छत्तीसगढ़ के बैनर तले आगामी 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय दुर्ग के कलेक्ट्रेट परिसर में “संविधान बचाओ – आरक्षण लागू करो” विषय पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा, जहां देश के प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समिति के अनुसार यह प्रदर्शन ओबीसी समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। इसमें जातीय जनगणना, यूजीसी में सह-आरक्षण लागू करने समेत कई लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

समिति के संस्थापक अधिवक्ता शत्रुहन सिंह साहू ने बताया कि ओबीसी समाज लंबे समय से सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक असमानताओं का सामना कर रहा है। ऐसे में संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों का पूर्ण रूप से क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। ज्ञापन में जातिवार जनगणना में अलग ओबीसी कॉलम, छत्तीसगढ़ में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने, मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करने, न्यायपालिका में ओबीसी प्रतिनिधित्व बढ़ाने तथा क्रीमी लेयर और NFS जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के दुर्ग जिला प्रभारी कीरत राम कुल्हाडा, अंकालू राम साहू, प्रचारक युवराज सिंह गंजीर, परमानंद साहू और ढाल सिंह साहू ने सभी वर्गों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *