शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी में हर्षोल्लास से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

पाठ्य-पुस्तक व गणवेश वितरित, नवोदय चयनित छात्रा सांची साहू का सम्मान; शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

जामगांव आर । विकासखंड पाटन के संकुल आगेसरा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला उमरपोटी में 30 जून 2026 को शाला प्रवेश उत्सव श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं गुलाल से आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही खीर-पूड़ी का प्रसाद ग्रहण कराकर शिक्षा, संस्कार और अपनत्व का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत गातापार-उमरपोटी के सरपंच रेवाराम साहू थे। विशिष्ट अतिथियों में व्याख्याता गिरधर वर्मा, प्रधान पाठक डी.आर. वैघ, उच्च वर्ग शिक्षिका चमेली साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष केशराम ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि प्रेमीन साहू, विधायक प्रतिनिधि पीलूराम साहू, रोजगार सहायक चोवाराम नेताम, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पंच, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा कु. सांची साहू के नवोदय विद्यालय बोरई में चयन होने पर उनका तथा उनके माता-पिता डेमन्त साहू एवं हितेश्वरी साहू का सम्मान किया गया। अतिथियों ने इस उपलब्धि को विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। व्याख्याता गिरधर वर्मा ने प्रेरणादायी कविता-पाठ के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार किया। वहीं प्रधान पाठक डी.आर. वैघ ने कहा कि शिक्षा रूपी यज्ञ तभी पूर्ण होता है, जब पालक, शिक्षक और विद्यार्थी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समर्पण, सहयोग और विश्वास के साथ निर्वहन करें। सरपंच रेवा राम साहू ने शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा साधन बताते हुए बच्चों को अनुशासन, संस्कार और निरंतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया। समापन अवसर पर गिरधर वर्मा ने “चंदन है इस देश की माटी…” गीत की ओजस्वी प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक बी.आर. निषाद ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *