छत्तीसगढ़ में अफीम खेती का दूसरा मामला : बलरामपुर में 5 एकड़ खेत में अफीम बरामद, दुर्ग में आरोपी BJP नेता के भाई की अवैध दुकान पर चला बुलडोजर

दुर्ग/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती का मामला बढ़ता नजर आ रहा है। दुर्ग जिले में अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद अब बलरामपुर जिले में भी करीब 5 एकड़ खेत में अफीम की फसल मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर फसल जब्त करने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिपुरी के सरनाटोली गांव के पास जंगल किनारे अफीम की खेती की गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। खेत में अफीम के पौधे पूरी तरह तैयार पाए गए थे और कई डोडों में चीरा भी लगाया गया था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वहां से अफीम निकालने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में सूखे डोडे भी बरामद किए हैं, जिनमें खसखस भरा हुआ था। फिलहाल खेत किसका है और अफीम की खेती किसने की, इसकी जांच जारी है।

इधर, दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव में पुलिस और राजस्व विभाग की मौजूदगी में की गई। बताया जा रहा है कि बृजेश ताम्रकार ने करीब 32 डिसमिल सरकारी जमीन पर पिछले 20 साल से अवैध कब्जा कर दुकान बना रखी थी, जहां से वह बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करता था। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2013 में ही इस अवैध कब्जे को हटाने का आदेश दिया गया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हो पाई थी। मंगलवार को प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाकर निर्माण को ध्वस्त कर दिया। राजस्व विभाग की नायब तहसीलदार क्षमा यदु ने बताया कि सरकारी जमीन पर किए गए कब्जे को हटाया गया है और क्षेत्र में अन्य शासकीय जमीनों पर भी अवैध कब्जों की जांच की जा रही है।

इससे पहले दुर्ग जिले के समोदा और झेनझरी गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती पकड़ी गई थी। पुलिस ने वहां से लगभग 62 हजार किलो अफीम के पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मामले में विनायक ताम्रकार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि अवैध अफीम खेती के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *