टेकुलगुड़ा जैसे इलाकों में सुरक्षा कैंप अब बनेंगे ‘वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’: डिप्टी सीएम विजय शर्मा का ऐलान, स्कूल-अस्पताल और कौशल केंद्र भी होंगे विकसित

टेकुलगुड़ा जैसे इलाकों में सुरक्षा कैंप अब बनेंगे ‘वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’: डिप्टी सीएम विजय शर्मा का ऐलान, स्कूल-अस्पताल और कौशल केंद्र भी होंगे विकसित

जगदलपुर। आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। तिरंगा फहराते ही मैदान राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंज उठा। समारोह में सुरक्षा बलों, पुलिस, नगर सेना और एनसीसी के 16 प्लाटूनों ने बैंड की धुन पर मार्चपास्ट किया। इस दौरान जवानों और कैडेट्स ने अनुशासन और देश के प्रति समर्पण का प्रदर्शन किया।

सुरक्षा कैंपों को सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने का ऐलान

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कैंपों की भूमिका को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि टेकुलगुड़ा जैसे इलाकों में बनाए गए सुरक्षा कैंप अब केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इन्हें ‘वीर गुंडाधूर सेवा डेरा’ की तर्ज पर स्थानीय लोगों की सुविधाओं और विकास का केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी और कौशल विकास केंद्र जैसी सुविधाएं स्थानीय जरूरतों और संस्कृति को ध्यान में रखकर विकसित की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य सुरक्षा के साथ-साथ बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाना है।

93 नए स्थानों पर फहराया गया तिरंगा

विजय शर्मा ने कहा कि इस वर्ष बस्तर के 93 नए स्थानों पर राष्ट्रीय पर्व के दौरान तिरंगा फहराया गया। उन्होंने इसे बस्तर में लोकतंत्र की मजबूत होती जड़ों का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में कभी नक्सल हिंसा का प्रभाव रहा, वहां अब राष्ट्रीय पर्व मनाया जा रहा है और तिरंगा शान से लहरा रहा है। यह बदलाव सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के विश्वास का परिणाम है।

210 नक्सलियों के आत्मसमर्पण का किया उल्लेख

उप मुख्यमंत्री ने अगस्त 2025 में जगदलपुर में हुए बड़े नक्सली आत्मसमर्पण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 210 नक्सलियों ने 163 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने इसे शांति और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। शर्मा ने कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और बलिदान ने बस्तर में नई उम्मीद पैदा की है। कठिन परिस्थितियों और आईईडी जैसे खतरों के बीच जवानों ने जिस दृढ़ता से मोर्चा संभाला, वह पूरे देश के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस के 141 जवानों को वीरता पदक मिलना उनके शौर्य और बलिदान का प्रमाण है।

शहीद परिवारों से मिले, किया सम्मान

समारोह के दौरान विजय शर्मा ने नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों और पूर्व सैनिकों से मुलाकात की। उन्होंने शहीद परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले जवानों का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मार्चपास्ट में सीआरपीएफ महिला बटालियन प्रथम

परेड कमांडर डीएसपी प्रवीण भारती और परेड टूआईसी उप निरीक्षक ओम प्रकाश के नेतृत्व में 16 प्लाटूनों ने मार्चपास्ट किया। शस्त्र सहित प्लाटून वर्ग में सीआरपीएफ 241वीं महिला बटालियन सेड़वा ने पहला स्थान हासिल किया। सीआरपीएफ 80वीं पुरुष बटालियन, कैंप जगदलपुर दूसरे और जिला नगर सेना महिला बल बस्तर तीसरे स्थान पर रहा। शस्त्र रहित वर्ग में एनसीसी पीएम श्री सेजेस जूनियर डिवीजन धरमपुरा ने पहला स्थान हासिल किया। पीजी कॉलेज धरमपुरा-02 दूसरे और एनसीसी सेजेस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, जूनियर विंग जगदलपुर तीसरे स्थान पर रहा।

अमर वाटिका और शहीद स्मारक में दी श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर की अमर वाटिका पहुंचकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वीरता पदक से सम्मानित पुलिस जवानों और अधिकारियों से भी संवाद किया। इसके बाद उन्होंने शहीद स्मारक पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। महापौर संजय पांडेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा और एसपी शलभ सिन्हा समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, महापौर संजय पांडेय, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *