जामगांव आर। ग्राम पंचायत आगेसरा के 18 वर्षीय होनहार युवक सोमन पटेल का चयन अग्निवीर योजना के अंतर्गत Indian Navy में हुआ है। उनके चयन से पूरे गांव में हर्ष और गर्व का माहौल है। सोमन पटेल एक मेहनती और प्रतिभावान छात्र हैं। उनकी माता श्रीमती हेमलता पटेल ग्राम पंचायत आगेसरा की पंच हैं, जबकि उनके पिता कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं। दो भाइयों में सोमन बड़े हैं और छोटा भाई वर्तमान में अध्ययनरत है। सीमित संसाधनों के बीच कड़ी मेहनत और लगन से उन्होंने यह सफलता हासिल कर गांव का नाम रोशन किया है।
सोमन के चयन पर ग्राम पंचायत आगेसरा के युवा सरपंच श्री रमाकांत साहू सहित सभी पंचगणों एवं ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सरपंच श्री साहू ने कहा कि सोमन की सफलता गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करता है कि दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सोमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।