
संगठनात्मक मजबूती और पर्यावरण संरक्षण पर रहेगा फोकस, सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से उपस्थिति की अपील
जामगांव आर। भारतीय जनता पार्टी जामगांव आर मंडल द्वारा 5 जून को आत्मनिर्भर मंडल बैठक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विश्रामगृह भंसूली आर में सुबह 10 बजे आयोजित होगा। भाजपा के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला संगठन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में मंडल स्तर पर संगठनात्मक बैठक आयोजित किए जाने के क्रम में यह बैठक रखी गई है। मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू के नेतृत्व तथा मंडल प्रभारी हर्षा चंद्राकर की उपस्थिति में आयोजित होने वाली बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के साथ ही विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने इसे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक दायित्वों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है।इस अवसर पर मंडल क्षेत्र में निवासरत प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, जिला पंचायत सभापति, जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, सरपंच, प्राधिकृत अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, सह-संयोजक सहित सभी कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। भाजपा मंडल महामंत्री निर्मल जैन एवं पुणेन्द्र सिन्हा ने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर उपस्थित होकर संगठनात्मक बैठक एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। भाजपा संगठन का मानना है कि नियमित बैठकों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिलेगी।