जामगांव आर। राष्ट्रीय नेतृत्व एवं भाजपा प्रदेश और जिला संगठन के निर्देशानुसार आत्मनिर्भर मंडल की मासिक बैठक विश्राम गृह जामगांव आर (भन्सुली) में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश भाजपा मंत्री जितेंद्र वर्मा उपस्थित रहे। अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने की। विशेष अतिथि मंडल प्रभारी एवं जिला भाजपा उपाध्यक्ष हर्षा चंद्राकर, जिला मंत्री शैलेन्द्री मंडावी तथा मन की बात के जिला प्रभारी लोकमणि चंद्राकर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत सक्रिय कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संरचना है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पार्टी की गतिविधियों में नियमित सहभागिता निभानी चाहिए। मंडल प्रभारी हर्षा चंद्राकर ने संगठन और समाज के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों में नियमित भागीदारी और कार्यों की समीक्षा को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य वक्ता प्रदेश भाजपा मंत्री जितेंद्र वर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर मंडल का उद्देश्य संगठन को हर स्तर पर सक्षम, सक्रिय और परिणामोन्मुख बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने, संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा कार्यकर्ताओं की क्षमता और कार्यकुशलता विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन जनविश्वास बढ़ाता है और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से पार्टी की योजनाओं एवं विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री निर्मल जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन मंडल महामंत्री पूर्णेन्द्र सिन्हा ने किया। इस अवसर पर मंडल उपाध्यक्ष गुमान साहू, प्राधिकृत अधिकारी रूपसिंह सिन्हा, सरपंच यशवंत साहू, उपाध्यक्ष यशवंत यदु, भाजयुमो अध्यक्ष लुभम बंछोर, प्राधिकृत अधिकारी बेनीराम साहू, द्रोण चंद्राकर, महिला मोर्चा महामंत्री नंदनी साहू, अभिषेक सेन, दीपक साहू, हर्ष साहू, प्रवीण चंद्राकर, लोकेश साहू, अरुण चंद्राकर, सुभाष यादव सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।