दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-8 स्थित एक मकान में महिला शिक्षिका की अधजली लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई करते हुए परिजनों को सूचना दी है। जानकारी के अनुसार घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र की है। सेक्टर-8 निवासी रंजना देवांगन अपने घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं, जबकि उनके पति एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। मंगलवार सुबह उन्होंने एक बैच को ट्यूशन पढ़ाया था। शाम को जब दूसरे बैच के छात्र ट्यूशन के लिए पहुंचे, तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
छात्रों को संदेह होने पर उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। जांच के दौरान बाथरूम में शिक्षिका का जला हुआ शव बरामद किया गया। इस घटना को देखकर छात्रों और आसपास के लोगों के होश उड़ गए।
भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस द्वारा परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार मृतका का बेटा डॉक्टर है, जबकि बेटी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।
सुसाइड नोट में शारीरिक परेशानी का जिक्र
पुलिस जांच के दौरान घर से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। सुसाइड नोट में मृतिका ने अपनी शारीरिक परेशानी का उल्लेख करते हुए अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि पुलिस ने सुसाइड नोट की सामग्री सार्वजनिक नहीं की है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।